बड़हिया : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान जारी है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मतदान करने के बाद मीडिया से बातचीत में विवादित बयान दिया। उन्होंने लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के बड़हिया स्थित मतदान केंद्र संख्या 168 (मध्य विद्यालय नंबर 2, पूर्वी भाग) पर वोट डालने के बाद कहा कि यदि भारत में मंदिर नहीं बनेगा, तो पाकिस्तान में बनेगा?

गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि बुर्का पहने हर व्यक्ति की जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने लालू यादव, तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर भी हमला करते हुए कहा कि ये लोग बिहार की राजनीति को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
जनता समझती है, झूठे वादों से नहीं होगी गुमराह : संजय सरावगी
दरभंगा सीट से भाजपा के उम्मीदवार और राज्य मंत्री संजय सरावगी ने भी मतदान के बाद विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन्हें सत्ता में आना नहीं है, वे (राजद) ऐसे झूठे वादे करेंगे… लेकिन जनता अब सब समझती है। आम जनता प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के साथ है।
लोकतंत्र का महापर्व, बिहार को बदनाम करने वालों से मुक्ति का समय : विजय कुमार सिन्हा
बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने मतदान करने के बाद कहा कि बिहार आज लोकतंत्र का महापर्व मना रहा है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा की तरह लोकतंत्र का यह पर्व भी सामाजिक सौहार्द्र का प्रतीक है। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि बिहार का गौरव बढ़ाएं और उन ताकतों से राज्य को मुक्त करें जो बिहार को बदनाम करती हैं।
नितिन नवीन, वीणा देवी और सूरजभान सिंह ने भी किया मतदान…..
बिहार के मंत्री और बांकीपुर से भाजपा के उम्मीदवार नितिन नवीन ने पटना के दीघा स्थित मिलर हाई स्कूल (बूथ संख्या 394 और 396) पर वोट डाला। मोकामा विधानसभा से राजद उम्मीदवार वीणा देवी और उनके पति तथा पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने मतदान से पहले पूजा-अर्चना की। सूरजभान सिंह ने कहा कि आज लोकतंत्र का बड़ा त्योहार है, पहले मतदान फिर जलपान। बिहार के लोगों से अपील है कि भाईचारा बनाए रखें।
अन्य नेताओं ने भी निभाया लोकतांत्रिक दायित्व……
भाजपा नेता भीखूभाई दलसानिया ने पटना में वोट डालकर मतदाताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। वहीं, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने समस्तीपुर विधानसभा के कर्पूरीग्राम गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय (मतदान केंद्र संख्या 73) पर अपना वोट डाला।
