समस्तीपुर : बिहार में मद्यनिषेध कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (P&SNCB) को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान दल ने समस्तीपुर उत्पाद थाना की टीम के सहयोग से बाहरी राज्य से लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब को जब्त किया।


13 अप्रैल 2026 को की गई इस कार्रवाई में एक 14 चक्का ट्रक की तलाशी के दौरान लगभग 9,198 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त शराब को अवैध रूप से बिहार में खपाने की तैयारी थी। मद्यनिषेध कानून के तहत ट्रक, शराब और गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस और मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया कि राज्य में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
