चांडिल बाढ़ नियंत्रण कक्ष की 1 सितंबर सुबह 6 बजे की रिपोर्ट, नदियों के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन की लगातार निगरानी

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में नदियों का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। चांडिल कॉम्प्लेक्स के मुख्य अभियंता कार्यालय स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा मंगलवार, 1 सितंबर को सुबह 6 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार खरकई नदी आदित्यपुर पुल के पास खतरे के निशान से 2.07 मीटर ऊपर बह रही है, जबकि स्वर्णरेखा नदी मानगो पुल के पास खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गई है।
रिपोर्ट के अनुसार मानगो पुल के पास स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 121.340 मीटर दर्ज किया गया है। यहां खतरे का निशान 121.50 मीटर निर्धारित है। यानी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से महज 16 सेंटीमीटर नीचे है और इसमें लगातार बढ़ोतरी का रुझान बना हुआ है। सुबह के समय क्षेत्र में 10 मिलीमीटर वर्षा भी दर्ज की गई, जिससे जलस्तर में और वृद्धि की आशंका जताई जा रही है. वहीं आदित्यपुर पुल के पास खरकई नदी का जलस्तर 131.070 मीटर रिकॉर्ड किया गया है, जबकि यहां खतरे का निशान 129.00 मीटर है। इस प्रकार खरकई नदी खतरे के निशान से 2.07 मीटर ऊपर बह रही है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने बताया कि नदी के जलस्तर में बढ़ने की प्रवृत्ति जारी है।
अधिकारियों के अनुसार स्वर्णरेखा नदी के मानगो पुल एवं खरकई नदी के आदित्यपुर पुल का जलस्तर केंद्रीय जल आयोग (CWC) के गेज स्टेशन से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर दर्ज किया गया है। वहीं अन्य स्थानों के जलस्तर की जानकारी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं द्वारा दूरभाष के माध्यम से उपलब्ध कराई गई. प्रशासन एवं बाढ़ नियंत्रण कक्ष की ओर से दोनों नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
