गुमला : जिले में एक युवती ने पुलिस जवान पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़िता ने शनिवार को समाज के कुछ लोगों के साथ सदर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. शिकायत के अनुसार, वर्ष 2018 में सिमडेगा निवासी पुलिस जवान बसंत बेक ने फेसबुक के जरिए युवती से दोस्ती की थी। बातचीत के दौरान उसने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का प्रस्ताव दिया। युवती के मुताबिक, आरोपी अक्सर उससे मिलने उसके गांव आता था, लेकिन उसके माता-पिता से मिलने से बचता रहा।

पीड़िता का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। आरोप है कि 4 जुलाई 2026 को शादी के नाम पर गुमला बुलाकर वह उसे पालकोट रोड स्थित संतोष रेस्ट हाउस ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया. बताया गया कि आरोपी जवान पहले कुरुमगढ़ थाना में पदस्थ था और वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
