जमशेदपुर : बकरीद (ईद-उल-जोहा) पर्व को लेकर जमशेदपुर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। पर्व के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात को सुचारू रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। इसी क्रम में 28 मई को सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक बसों को छोड़कर सभी प्रकार के भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।



यह आदेश जिले के उपायुक्त, एसएसपी एवं ट्रैफिक डीएसपी द्वारा संयुक्त रूप से जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और शहर में यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए नो-एंट्री व्यवस्था लागू की गई है।
ट्रैफिक डीएसपी श्रीनिव ने बताया कि नो-एंट्री से संबंधित निर्देश सभी थाना प्रभारियों एवं ट्रैफिक थाना प्रभारियों को दे दिए गए हैं। साथ ही पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया है।



