आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा में पत्नी की कथित हत्या और उसके शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, अछनेरा थाना क्षेत्र के कुकथला गांव में एक युवक ने घरेलू विवाद के बाद कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के पीछे बने बाड़े में जलाने और हड्डियों को यमुना में फेंकने का आरोप है। वारदात पर पर्दा डालने के लिए आरोपी खुद थाने पहुंचा और पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी।

मायके वालों की शिकायत से गहराया शक……
पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय लोकेन्द्र की शादी वर्ष 2022 में सिकंदरा क्षेत्र के अकबरा गांव निवासी 30 वर्षीय चांदनी से हुई थी। दोनों की करीब दो वर्ष की बेटी है। मंगलवार को घरेलू विवाद के बाद चांदनी के लापता होने की सूचना सामने आई। इसके बाद चांदनी के भाई मनोज भी थाने पहुंचे और बहन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए बताया कि चांदनी के साथ कथित तौर पर मारपीट भी होती थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस को लोकेन्द्र के बयानों और घटनास्थल की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। बुधवार को पुलिस टीम कुकथला गांव पहुंची। घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
पूछताछ में सामने आया पूरा मामला……
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर लोकेन्द्र ने कथित तौर पर चांदनी की हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने बताया कि घरेलू विवाद के बाद उसने पत्नी की हत्या कर दी और शव को घर के पीछे टीनशेड के नीचे जला दिया। इसके बाद शव की हड्डियां एकत्र कर आगरा लाया और यमुना में फेंक दीं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर घर में रख दिया था, जबकि चांदनी का मोबाइल सिकंदरा थाना क्षेत्र में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर यमुना किनारे से शव के अवशेष और महिला का मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है।
हत्या की वजह समेत अन्य पहलुओं की जांच……
एसीपी अछनेरा शैलेन्द्र सिंह के अनुसार, चांदनी के भाई की तहरीर पर पहले गुमशुदगी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान महिला के पति से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या और शव जलाने की बात बताई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शव के अवशेष और मोबाइल फोन बरामद किए हैं. घटना स्थल कुकथला पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। पुलिस अब हत्या की वजह, वारदात के पूरे घटनाक्रम और किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
