जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को जिला प्रशासन ने कार्रवाई की। स्टार टॉकीज के पास आशीर्वाद होटल के पीछे चिह्नित सरकारी जमीन से करीब 17 दुकानों और अस्थायी निर्माणों को हटाया गया।

अनुमंडल प्रशासन के निर्देश पर दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम ने अतिक्रमण हटाया। बताया गया कि टाटा स्टील की शिकायत और अतिक्रमणवाद में पारित आदेश के आधार पर कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस देकर कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं, साकची थाना क्षेत्र में भी चिह्नित सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की तैयारी की जा रही है।
