हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के चान्हो क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3600 पेटी एक्सपायरी बीयर को रोलर और बुलडोजर से कुचलकर नष्ट कर दिया। इस दौरान हजारों लीटर बीयर सड़कों पर बहती नजर आई, जिससे पूरा इलाका शराब से तरबतर हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


यह कार्रवाई विभाग के वरीय अधिकारियों की निगरानी में की गई। नष्ट की गई बीयर सड़क पर फैलकर मिट्टी में समा गई। विभागीय सूत्रों के अनुसार, संबंधित फैक्ट्री में मांग से अधिक उत्पादन कर लिया गया था, लेकिन बाजार में खपत नहीं होने के कारण यह स्टॉक लंबे समय तक गोदाम में पड़ा रहा। छह महीने से अधिक समय गुजरने के बाद बीयर एक्सपायर हो गई, जिसके बाद नियमों के तहत इसे नष्ट करना अनिवार्य हो गया।
उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि कई कंपनियां बाजार की मांग का सही आकलन नहीं कर पातीं और अधिक उत्पादन कर लेती हैं। ऐसे में जब उत्पाद की खपत नहीं होती, तो वह एक्सपायर हो जाता है और उसे नष्ट करना पड़ता है।
यह घटना बाजार की मांग और उत्पादन के बीच असंतुलन को उजागर करती है, साथ ही उद्योगों के लिए बेहतर योजना और प्रबंधन की आवश्यकता की ओर भी संकेत करती है।
