जमशेदपुर : शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती नगर, टुईलाडूंगरी में मंगलवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने साइबर ठगी से जुड़े एक मामले में कार्रवाई करते हुए राजदीप नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस मोबाइल सिम कार्ड का इस्तेमाल कथित रूप से साइबर ठगी के जरिए बैंक खाता खोलने में किया गया, वह राजदीप के नाम पर पंजीकृत है। इसी आधार पर CBI की टीम उससे विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। हालांकि, एजेंसी की ओर से अभी तक मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. इसी क्रम में CBI की एक अन्य टीम टुईलाडूंगरी निवासी जसबीर सिंह के आवास पर भी पहुंची, जहां आवश्यक पूछताछ के साथ दस्तावेजों एवं अन्य तथ्यों की जांच-पड़ताल की गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जसबीर सिंह की मामले में क्या भूमिका है या उनसे केवल पूछताछ की गई है।

सूत्रों के अनुसार, CBI साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। एजेंसी तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. फिलहाल जांच जारी है। मामले में आधिकारिक जानकारी और जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

