जमशेदपुर : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में चल रहे सत्यापन अभियान के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। जिला प्रशासन द्वारा दस्तावेजों की गहन जांच एवं भौतिक सत्यापन के बाद 4,068 ऐसे लाभुकों की पहचान की गई है, जिन्होंने कथित रूप से गलत जानकारी अथवा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर योजना का लाभ प्राप्त किया है। प्रशासन ने इन लाभुकों से अब तक प्राप्त पूरी राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें लाभुकों ने पात्रता से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाकर या गलत विवरण प्रस्तुत कर योजना का लाभ लिया। प्रशासन का कहना है कि ऐसे मामलों में केवल राशि की रिकवरी ही नहीं, बल्कि नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
6,974 लाभुकों के नाम सूची से हटाए गए……
सत्यापन अभियान के दौरान अब तक कुल 6,974 लाभुकों के नाम योजना की सूची से हटाए जा चुके हैं। इनमें मृत लाभुक, अपात्र व्यक्ति तथा अन्य कारणों से अयोग्य पाए गए लाभार्थी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार लाभुकों की पहचान और दस्तावेजों की जांच का कार्य लगातार जारी है।
11,078 लाभुकों का सत्यापन शेष…..
जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत कुल 3,07,071 लाभुक पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 2,89,019 लाभुकों को पात्र पाया गया है। हालांकि 11,078 लाभुकों का सत्यापन अभी शेष है। प्रशासन का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।
फर्जीवाड़ा करने वालों पर सख्ती…..
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में फर्जी दस्तावेज या गलत जानकारी देकर लाभ प्राप्त करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में प्राप्त राशि की पूर्ण वसूली के साथ-साथ संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे।
अधिकारियों का मानना है कि सत्यापन अभियान से योजना की पारदर्शिता बढ़ेगी और वास्तविक जरूरतमंदों तक सरकारी सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी। प्रशासन ने लाभुकों से अपील की है कि वे सत्यापन के दौरान सही जानकारी उपलब्ध कराएं और किसी भी प्रकार की गलत सूचना देने से बचें।



