जमशेदपुर : होटल कारोबारी एवं कदमा विजया हेरिटेज फेज-6 निवासी निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साजिशकर्ता, शूटर और रेकी में शामिल युवकों समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस बुधवार को पूरे हत्याकांड का आधिकारिक खुलासा करेगी। अब तक की जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश सुनियोजित तरीके से रची गई थी और वारदात से पहले निखार की लगातार रेकी की जा रही थी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, निखार की हत्या को अंजाम देने वाले दोनों शूटरों को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से पकड़ा गया है, जबकि वारदात में इस्तेमाल कार के चालक को बिहार से गिरफ्तार किया गया। मामले में मानगो निवासी आदि मिश्रा, सिंटू सिंह के भगिना रितेश सिंह, सुनील रजक समेत अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है।

सिंटू ने सौंपी थी रेकी की जिम्मेदारी……
जांच में पुलिस को अहम जानकारी मिली है कि निखार सबलोक की गतिविधियों पर नजर रखने और रेकी करने की जिम्मेदारी रितेश सिंह, सुनील रजक और आदि मिश्रा को सौंपी गई थी। वारदात के दिन यानी 24 अगस्त को भी निखार पर सुबह से नजर रखी जा रही थी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश, रेकी और शूटरों तक पहुंचने की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
11 गोलियां मारकर की गई थी हत्या……
मालूम हो कि 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के होटल टेंथ माइल स्टोन में होटल कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, दो शूटरों ने निखार पर करीब 11 गोलियां दागी थीं। वारदात के दौरान होटल के बाहर मौजूद निखार के साथी बलकार सिंह पर भी गोली चलाई गई थी। घटना के बाद दोनों शूटर मौके से फरार हो गए थे।
रांची के मेसरा से मिली थी शूटरों की कार……
हत्याकांड के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए शूटरों की कार को रांची के मेसरा से लावारिस हालत में बरामद किया। होटल से सीसीटीवी फुटेज जुटाने के साथ शूटरों के फिंगर प्रिंट भी लिए गए हैं। पुलिस ने मामले में कई इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
रितेश के पास से हथियार और रुपये बरामद……
पुलिस ने रितेश सिंह को मानगो के गोकुलनगर रोड नंबर-3 से गिरफ्तार किया। उसके पास से हथियार और रुपये बरामद किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में उसकी क्या भूमिका थी और अन्य आरोपियों के साथ उसका संपर्क किस स्तर तक था।
अशोक सिंह राघव का टीएमएच में इलाज जारी……
इधर, हत्याकांड में हिरासत में लिए गए सोनारी के खंटाडीह निवासी अशोक सिंह राघव का टीएमएच में इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है। साथ ही सिंटू सिंह के साथ उसके कथित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
धनबाद में भी शूटर पर हत्या का केस!……
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, निखार सबलोक की हत्या में इस्तेमाल किए गए शूटरों में से एक के खिलाफ धनबाद में हत्या का मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मंगलवार को सरायकेला एसपी ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ भी की। पुलिस अब हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश, सुपारी, रेकी से लेकर शूटरों की भूमिका तक की कड़ियां जोड़ रही है. पुलिस का दावा है कि बुधवार को होने वाले खुलासे में हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।
