वैशाली : बिहार के वैशाली जिले के महनार बाजार में मोहर्रम से पहले डीजे जब्त करने गई पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। घटना में थानाध्यक्ष, एक सब इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हमले के दौरान भीड़ पुलिस द्वारा जब्त किए गए डीजे को छुड़ाकर ले गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, महनार थाना क्षेत्र के महनार बाजार स्थित मिडिल स्कूल के पास पुलिस को डीजे बजाए जाने की सूचना मिली थी। मोहर्रम को लेकर प्रशासन द्वारा डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष वेदानंद, सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय तथा अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए डीजे को जब्त कर लिया. बताया जाता है कि पुलिस की कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और भीड़ ने पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान उग्र लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट की।
हमले में सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा गया। घटना में दो अन्य पुलिस जवान भी घायल हुए हैं। अफरा-तफरी के बीच भीड़ पुलिस की गिरफ्त से जब्त किए गए दोनों डीजे छुड़ाकर फरार हो गई. घायल पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों और अन्य जवानों की मदद से महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि उन्हें डीजे जब्त करने का आदेश मिला था। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके पर पहुंचे और विरोध करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

