गया (बिहार) : बिहार के गयाजी में बेखौफ बदमाशों ने खूनी वारदात को अंजाम देते हुए एक दरोगा के दो बेटों को गोली मार दी। इस सनसनीखेज हमले में छोटे बेटे की मौत हो गई, जबकि बड़ा बेटा गंभीर रूप से घायल है। उसे मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

### फोन कर बुलाया, पहुंचते ही शुरू कर दी फायरिंग…….
घटना मानपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी मोहल्ले की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मोतिहारी में तैनात दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटे रानू सिंह (30) और मोनू सिंह (32) को किसी विवाद के बाद फोन कर मौके पर बुलाया गया था। परिवार के अनुसार, दोनों भाइयों के वहां पहुंचते ही बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं. अचानक हुई फायरिंग में दोनों भाई गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल रानू सिंह की मौत हो गई, जबकि मोनू सिंह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। उसे तत्काल इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।
### घटनास्थल से खोखे बरामद, आरोपियों की तलाश…….
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई। घटनास्थल से गोली के कुछ खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान करने, वारदात के कारणों का पता लगाने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. एक दरोगा के परिवार पर हुए इस हमले ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज वारदात में शामिल आरोपियों तक कब पहुंचती है और गोलीबारी के पीछे की असली वजह क्या सामने आती है।


