कटिहार : बिहार के कटिहार जिले से महिला के साथ कथित बर्बरता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई है। वायरल वीडियो में एक महिला को खंभे से बांधकर उसके साथ मारपीट करने और कपड़े फाड़ने की घटना दिखाई दे रही है। घटना को लेकर महिला के पूर्व पति और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि महिला तलाक के बाद अपने पूर्व पति के घर अपना सामान और कपड़े लेने पहुंची थी, इसी दौरान विवाद के बाद उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।

सामान लेने पहुंची थी महिला, विवाद के बाद बढ़ा मामला….
मिली जानकारी के अनुसार, महिला का अपने पति से तलाक हो चुका है। तलाक के बाद वह अपने पूर्व पति के घर अपना सामान लेने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान पूर्व पति और उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद महिला को कथित तौर पर खंभे से बांध दिया गया और उसके कपड़े फाड़े गए. घटना के दौरान आसपास कई लोग मौजूद थे। वायरल वीडियो में महिला के साथ कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट होती दिखाई दे रही है। इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप……
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है। वीडियो में महिला को सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 11 अगस्त का है. महिला के पति शंजर आलम की ओर से आजमनगर थाना में मामले को लेकर लिखित आवेदन दिए जाने की बात कही गई है। उनका आरोप है कि आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और न ही मामले में कोई कार्रवाई हुई है।
पुलिस कार्रवाई को लेकर उठे सवाल…..
मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर क्या कार्रवाई की गई है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद घटना को लेकर पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। महिला के साथ हुई कथित मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने की घटना ने स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना की पूरी सच्चाई क्या है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


























































