जमशेदपुर : पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद बिरसानगर थाने के संचालन की जिम्मेदारी वहां पदस्थ एक सब-इंस्पेक्टर को सौंपी गई है। उन्हें तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी का कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है. हालांकि, थाना प्रभारी संतोष कुमार के निलंबन के कारणों की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले की विभागीय स्तर पर समीक्षा की जा रही है। निलंबन के पीछे क्या कारण रहे और किन परिस्थितियों में यह कार्रवाई की गई, इसे लेकर विभाग की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है. बताया गया है कि नए थाना प्रभारी की नियुक्ति होने तक संबंधित सब-इंस्पेक्टर बिरसानगर थाना का संचालन करेंगे। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद महकमे में चर्चा तेज हो गई है।

