आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एमआईजी 1/12 दिंदली बस्ती में बुधवार की शाम एक बड़ा हादसा टल गया। बिजली विभाग के कर्मचारी संजय सिंह के घर में हाल ही में लगाए गए नए एयर कंडीशनर (एसी) में अचानक जोरदार धमाका हो गया, जिसके बाद कमरे में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर करीब तीन लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। हालांकि समय रहते परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।



जानकारी के अनुसार संजय सिंह ने भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए गत 24 अप्रैल को नया एसी खरीदा था। करीब एक महीने बाद बुधवार की दोपहर इसे घर के कमरे में लगाया गया था। बताया जा रहा है कि एसी चालू होने के कुछ ही घंटे बाद शाम करीब 7:50 बजे अचानक उसके अंदर तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा घर दहल उठा और आसपास के लोग भी सहम गए।
घटना के समय संजय सिंह का पूरा परिवार घर में मौजूद था। अचानक हुए विस्फोट से परिवार के सदस्य घबरा गए। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, कमरे से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार के सभी सदस्य तुरंत घर से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक कमरे में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर खाक हो चुकी थीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रारंभिक आशंका एसी में तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट के कारण विस्फोट होने की जताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।



