जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा में जमीन कब्जे को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विधवा महिला ने दबंगों पर जबरन जमीन हड़पने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।

पीड़िता उर्मिला महतो, पति स्वर्गीय सुरेश महतो, ने बताया कि उनके ससुर ओगन महतो के नाम पर सरजामदा मौजा में दर्जनों प्लॉट की खेतीयोग्य जमीन है। आरोप है कि इसी जमीन में से पहले ही मनोज महतो ने उनके हिस्से से अधिक जमीन पर कब्जा कर लिया था।
अब मनोज महतो के निधन के बाद उनका पुत्र अजीत महतो कथित रूप से भू-माफियाओं के साथ मिलकर पूरी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। इस पूरे मामले में मिथुन चक्रवर्ती, संजू महतो समेत अन्य लोगों के शामिल होने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी कई बार मारपीट, रंगदारी और जान से मारने की धमकियां दी जा चुकी हैं। यहां तक कि इस मामले से जुड़ा एक आरोपी पहले से जेल में बंद बताया जा रहा है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जब पीड़िता अपने पोते-पोतियों के साथ जमीन पर काम करने पहुंचती हैं, तो दबंगों द्वारा काम रुकवा दिया जाता है। वहीं, परसुडीह थाना में शिकायत और FIR कराने पर भी उन्हें कथित रूप से डराकर चुप करा दिया जाता है।
पीड़िता ने प्रशासन से लगाई गुहार……
उर्मिला महतो ने वरीय पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप कर अजीत महतो और अन्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सवाल उठता है…….
क्या शहर में अब दबंगों के आगे कानून बेबस हो चुका है? क्या एक विधवा को अपनी ही जमीन के लिए यूं दर-दर भटकना पड़ेगा? फिलहाल, यह मामला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
