नई दिल्ली : सोशल मीडिया पर अपने व्यंग्यात्मक और राजनीतिक कटाक्ष वाले पोस्ट के लिए चर्चित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने एक बार फिर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वापसी कर ली है। संगठन ने ‘Cockroach is Back’ नाम से नया X अकाउंट लॉन्च किया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर फिर हलचल तेज हो गई है।



नए हैंडल @Cockroachisback की प्रोफाइल बायो में लिखा गया है — “Cockroaches don’t die!” यानी “कॉकरोच कभी नहीं मरते।” इस टैगलाइन को संगठन की वापसी और उसके तेवर से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, यह कदम उस समय उठाया गया जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने भारत सरकार के कानूनी आदेश के बाद संगठन के मूल हैंडल @CJP_2029 को भारत में ब्लॉक कर दिया था। पुराने अकाउंट के प्रतिबंधित होने के बाद संगठन ने नए नाम और पहचान के साथ फिर से सोशल मीडिया पर सक्रियता शुरू कर दी है।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अपने व्यंग्यात्मक पोस्ट, मीम्स और राजनीतिक घटनाओं पर कटाक्ष को लेकर युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हुई थी। नए अकाउंट के लॉन्च के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं और संगठन की वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, X या संबंधित अधिकारियों की ओर से नए अकाउंट को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



