जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के आदिवासी क्लब के समीप रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों के बीच एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना जंगल में आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।



मृतक की पहचान शकोमाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। घटनास्थल की परिस्थितियों और शव पर मिले गंभीर चोटों के निशानों को देखते हुए मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को युवक के सिर पर किसी धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
शनिवार रात से था लापता…..
परिजनों के अनुसार विकास सिंह शनिवार रात अपने भांजे से मिलने उलीडीह गया था। मुलाकात के बाद उसने घर लौटने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने जब उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन बंद मिला। पूरी रात परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह मिली मौत की खबर, मचा कोहराम……
रविवार सुबह उलीडीह की एक युवती ने परिजनों को फोन कर आदिवासी क्लब के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान विकास सिंह के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों पर जताई आशंका……
मृतक के भाई ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे इलाके में सक्रिय नशेड़ी या असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है। उनका कहना है कि क्षेत्र में ऐसे तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और संभव है कि विकास उनकी हिंसा का शिकार हुआ हो।
हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जांच टीम हत्या के कारणों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा संभावित आरोपियों के संबंध में हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल युवक की हत्या ने पूरे उलीडीह क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है।



