जमशेदपुर : कई दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश के बीच ओडिशा के वयांगबिल डैम के दो फाटक खोले जाने से खरकई नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसका असर जमशेदपुर के बागबेड़ा क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। बागबेड़ा नया बस्ती में नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण करीब 28 से 29 घरों में पानी घुस गया है। इससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और लोगों की चिंता बढ़ गई है. जलस्तर बढ़ने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने और स्थिति गंभीर होने पर तत्काल घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की जा रही है।

सीओ ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा…..
बागबेड़ा नया बस्ती में पानी बढ़ने की सूचना मिलने पर अंचल पदाधिकारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और प्रभावित इलाके का जायजा लिया। सीओ स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की टीम की ओर से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सूचना दी जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार स्लुस गेट बंद होने के कारण नाले का पानी तेजी से बढ़ रहा है। नाला किनारे बसे घरों में पानी प्रवेश करने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुबोध झा भी पहुंचे मौके पर….
भाजपा नेता एवं समाजसेवी सुबोध झा ने भी बागबेड़ा नया बस्ती पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नाले के आसपास जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इस संबंध में अंचल पदाधिकारी मनोज कुमार से बातचीत की गई है। प्रशासन की ओर से निचले इलाके में रहने वाले लोगों को घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने की सूचना दी जा रही है।
खरकई का बढ़ता जलस्तर बढ़ा रहा चिंता……
ओडिशा में डैम के दो फाटक खोले जाने के बाद पानी का बहाव बढ़ने की बात सामने आई है। इससे खरकई नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है और बागबेड़ा के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।





