जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के समीप हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच में तेजी लाने को लेकर कोल्हान प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ने समीक्षा बैठक की। बैठक में अब तक हुई जांच, साक्ष्य संकलन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई. पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को डीडी बार के समीप धारदार हथियार से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस मामले में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) लगातार कार्रवाई कर रहा है।

कोल्हान डीआईजी ने वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तथा एसआईटी के सदस्यों के साथ बैठक कर मामले के उद्भेदन, तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के संकलन तथा शेष फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों को मजबूती से संकलित कर अनुसंधान को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाए. डीआईजी ने जांच अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान को आगे बढ़ाते हुए सभी दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस का कहना है कि मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

