जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने शुक्रवार को गुड़ाबांदा प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिल रही उपचार सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, एम्बुलेंस सुविधा सहित अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध औषधियों के स्टॉक का निरीक्षण करते हुए आवश्यक जीवनरक्षक एवं नियमित उपयोग की दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को आवश्यक दवाओं के अभाव का सामना नहीं करना पड़े।
उपायुक्त ने ओपीडी, मरीजों के पंजीकरण की व्यवस्था, उपचार की गुणवत्ता तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र की नियमित साफ-सफाई एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एम्बुलेंस सुविधा की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर रेफरल एवं परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एम्बुलेंस की सतत उपलब्धता एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. निरीक्षण के दौरान गुड़ाबांदा के बीडीओ, स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

