जमशेदपुर : जमशेदपुर के चर्चित डबल डाउन बार हत्याकांड में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मृतक हिमांशु सिंह के परिजनों और प्रशासन के बीच लंबी वार्ता के बाद गतिरोध समाप्त हो गया। सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार तथा कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा के साथ हुई बैठक में परिजनों की प्रमुख मांगों पर लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद उन्होंने शव लेने पर सहमति जताई। इसके बाद परिजन टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) के लिए रवाना हुए। देर शाम तक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है।

प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन में कहा गया है कि मृतक की पत्नी ऋचा सिंह की योग्यता के अनुरूप सरकारी नौकरी के लिए राज्य सरकार को अनुशंसा की जाएगी। इसके अलावा घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन के साथ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने तथा सभी आरोपियों को शीघ्र एवं कड़ी सजा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी भरोसा दिया गया है।
गौरतलब है कि बीते शनिवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार में हिमांशु सिंह और प्रत्यूष की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों युवक जान बचाने के लिए पुलिस की पीसीआर वाहन में जाकर बैठ गए। आरोप है कि इसके बावजूद हमलावरों ने पुलिस की मौजूदगी में दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरी घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में हिमांशु सिंह की मौत हो गई। उनकी मौत की खबर फैलते ही शहर में आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान सिटी एसपी के वाहन में भी तोड़फोड़ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक तथा सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक को निलंबित कर दिया। मुख्यमंत्री ने स्वयं मृतक के परिजनों से फोन पर बातचीत कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई का आश्वासन दिया।
