जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के आम बागान स्थित शॉपर्स स्क्वायर के पास रविवार को ट्रैफिक जांच के दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने ट्रैफिक पुलिस के जवान को टक्कर मार दी। हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। टक्कर के बाद बाइक भी सड़क पर पलट गई, जिससे बाइक सवार युवक को भी चोट लगी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस के जवान सड़क पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में बाइक लेकर एक युवक वहां पहुंचा। जवान ने उसे रोकने का प्रयास किया। बताया जाता है कि युवक ने जवान से आगे से हटने को कहा, लेकिन जवान अपनी ड्यूटी पर डटा रहा। इसी दौरान युवक ने बाइक से जवान को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही जवान सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाइक भी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को उठाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उठने के बाद युवक ने ट्रैफिक जवान से ही उलझना शुरू कर दिया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया. इसी दौरान युवक मौका पाकर घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस के जवानों में नाराजगी है। जवानों ने मामले की जांच कर आरोपी बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अब घटना के संबंध में उपलब्ध जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर युवक की पहचान और पूरे मामले की जांच कर सकती है।
