चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के कोल्हान जंगल क्षेत्र में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी नक्सली मारा गया। मृत नक्सली की पहचान इजराइल पूर्ति उर्फ अमृत के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत रूटुगुटू जंगल में सुरक्षाबलों को नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर चलाए गए सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी के बाद सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया. मारे गए नक्सली इजराइल पूर्ति गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सांगाजाटा गांव का निवासी था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, वह संगठन का सक्रिय सीटीआई (CTI) कैडर था और लंबे समय से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था।



मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। हालांकि, इस मुठभेड़ में अन्य किसी नक्सली के मारे जाने या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है. सुरक्षाबलों द्वारा पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
