आरा : भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में आयोजित महापंचायत के दौरान भरत तिवारी के पिता का दर्द उस समय छलक पड़ा, जब उन्होंने हजारों लोगों की मौजूदगी में अपने बेटे के लिए न्याय की गुहार लगाई। बेटे को याद करते हुए वे भावुक हो गए और फूट-फूटकर रो पड़े। यह दृश्य देखकर महापंचायत में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं और पूरा माहौल गमगीन हो गया।

महापंचायत में जुटे ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भरत तिवारी प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग दोहराई। परिजनों का कहना है कि घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल अब भी अनुत्तरित हैं, जिसके कारण परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है।
महापंचायत के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है। लोगों ने प्रशासन से जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
गौरतलब है कि भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण को लेकर पूरे क्षेत्र में लगातार चर्चा बनी हुई है। मामले को लेकर व्यापक जनभावना देखने को मिल रही है और बड़ी संख्या में लोग न्याय की मांग के समर्थन में सामने आ रहे हैं। इस बीच राज्य सरकार द्वारा मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए जाने के बाद जांच प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
महापंचायत के दौरान गांव और आसपास के क्षेत्रों में भावनात्मक माहौल बना रहा। लोगों ने एक स्वर में कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हो जाती और सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक न्याय की मांग जारी रहेगी।

