हरियाणा : हरियाणा के 2001 बैच के IPS अधिकारी एडीजीपी वाई पूरण कुमार की मौत के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हरियाणा के DGP शत्रुजीत कपूर समेत 12-13 अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को पूरण कुमार का सुसाइड नोट उनकी जेब से मिला। इसमें डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक के एसएसपी समेत 13 अधिकारियों के नाम लिखे थे। इसी आधार पर सेक्टर-11 थाना पुलिस ने सभी पर एफआईआर दर्ज की है।



किन धाराओं में केस हुआ दर्ज…..
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 108 आरडब्ल्यू 3(5) बीएनएस और 3(1)(आर) पीओए (एससी/एसटी) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल सभी के खिलाफ जांच शुरू हो गई है।
सीएम नायब सैनी ने जताया शोक…..
सीएम नायब सैनी वीरवार को पूरण कुमार की पत्नी आईएएस अमनीत पी कुमार से मिलने उनके चंडीगढ़ स्थित घर पहुंचे। करीब 45 मिनट रुककर उन्होंने संवेदना जताई। अमनीत ने साफ कहा कि जब तक केस दर्ज नहीं होगा, तब तक पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगी।
गंभीर आरोप…….
सुसाइड नोट में पूरण कुमार ने पुलिस और अफसरों पर गंभीर आरोप लगाए। खास बात यह है कि इसमें किसी तात्कालिक झगड़े या निजी विवाद का जिक्र नहीं है। घटनास्थल से उनका लैपटॉप भी नहीं मिला। पुलिस ने जांच के लिए फॉरेंसिक और सीएफएसएल टीम को बुलाया।
सिस्टम और सरकार पर उठाए थे सवाल……
पूरण कुमार पहले भी कई बार पदोन्नति, पोस्टिंग और भेदभाव जैसे मुद्दों पर सरकार और विभाग को पत्र लिख चुके थे। अब जांच में इन मामलों को भी खंगाला जा रहा है।
