जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुड़ियाबेड़ा में शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ विवाद शनिवार को एक बार फिर भड़क गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना है. बताया जाता है कि शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तुड़ियाबेड़ा में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर शनिवार को कुछ युवक दोबारा इलाके में पहुंचे। आरोप है कि उनके पहुंचते ही विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ी संख्या में युवक मौके पर पहुंचे थे, जिनमें कुछ के हथियार से लैस होने की भी बात कही जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मारपीट में एक पक्ष के राहुल और धीरज नामक दो युवकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, दूसरे पक्ष यानी तुड़ियाबेड़ा के ग्रामीणों की ओर से छोटू रजक के घायल होने की बात कही गई है। घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. बताया जा रहा है कि राहुल की स्थिति गंभीर है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
एक पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया कि शुक्रवार को गणेश विसर्जन के दौरान हुए विवाद को लेकर शनिवार को दोबारा मारपीट की गई। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से घटना को लेकर तत्काल कोई व्यक्ति बयान देने के लिए सामने नहीं आया। पुलिस दोनों पक्षों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में कितने लोग शामिल थे। फिलहाल पुलिस की जांच और घायलों के बयान के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।
