जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के केरेंज कॉलोनी मुस्लिम बस्ती स्थित एक राशन दुकान में चल रहे अवैध गांजा कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने दुकान संचालक मोहम्मद समद को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से गांजा की पुड़िया एवं खुला गांजा बरामद किया है। मामले में बर्मामाइंस थाना कांड संख्या 29/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।



पुलिस को सूचना मिली थी कि फलक स्टोर राशन दुकान का संचालक मोहम्मद समद लंबे समय से अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी तथा पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही दुकान के बाहर मौजूद ग्राहक मौके से भाग निकले, जबकि दुकान के अंदर मौजूद मोहम्मद समद को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर में छिपाकर रखे गए 17 पुड़िया गांजा एवं प्लास्टिक में रखा खुला गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो0 समद (33 वर्ष), पिता स्व0 इनामुल हक, निवासी मुस्लिम बस्ती केरेंज कॉलोनी, थाना बर्मामाइंस, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी छेड़छाड़ एवं मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह अपने किराना दुकान की आड़ में बड़े पैमाने पर गांजा का कारोबार कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से 9 छोटा पुड़िया, 8 बड़ा पुड़िया तथा करीब 270 ग्राम खुला गांजा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अवैध गांजा कारोबार पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी. छापेमारी टीम में बर्मामाइंस थाना प्रभारी पु0नि0 निरंजन कुमार समेत थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।



