खैरबानी के पास तड़के तीन बजे हुआ हादसा, एक ट्रक में लगी आग, दमकल ने मशक्कत के बाद पाया काबू
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरबानी के समीप मंगलवार की अहले सुबह करीब तीन बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तीन ट्रकों और एक ट्रेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो चालकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक ट्रक में भीषण आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस, स्थानीय ग्रामीण एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। रूठा माइंस की एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया. हादसे के बाद ट्रक में लगी आग ने कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था।
दुर्घटना के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार या वाहन चालकों की असावधानी के कारण यह भीषण सड़क हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
