सरायकेला-खरसावां, चांडिल : चांडिल न्यू बायपास पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. जानकारी के अनुसार, भालू कोचा और सुकसारी के बीच तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर भयावह दृश्य देखने को मिला। मृत युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला।


















घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों और विस्थापित नेता राकेश रंजन महतो के सहयोग से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि सभी युवक झिमड़ी गांव के निवासी हैं और किसी कार्य से चांडिल कॉलेज आए हुए थे. हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। चांडिल न्यू बायपास पर पिछले करीब 30 घंटे से लंबा जाम लगा हुआ है, जिससे यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार लगने वाले जाम और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण ही इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं।
राकेश रंजन महतो ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पितकी रेलवे फाटक के कारण वर्षों से जाम की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और हादसों का खतरा बढ़ जाता है. वहीं, चांडिल थाना प्रभारी ने कहा कि 24 घंटे जाम हटाने के लिए पुलिस बल की तैनाती संभव नहीं है। इस बयान के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
