नई दिल्ली : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख इमरान खान को मेडिकल जांच के बाद इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल से वापस अदियाला जेल भेज दिया गया है। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जेल सूत्रों ने बताया कि इमरान खान को बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेल लाया गया और सीधे उनकी सेल में शिफ्ट कर दिया गया।

जेल सूत्रों के मुताबिक, इमरान खान को शुक्रवार आधी रात के करीब मेडिकल जांच के लिए अदियाला जेल से शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल में उनकी जांच के लिए छह विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात की गई थी। डॉक्टरों की जांच के बाद यह तय किया जाना था कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता है या नहीं. मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया और वापस अदियाला जेल भेज दिया गया। जेल सूत्रों ने बताया कि अस्पताल ले जाने से लेकर वापस जेल पहुंचाने तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जेल पहुंचने के बाद उन्हें सीधे उनकी सेल में भेज दिया गया।
सरकार की समीक्षा याचिका पर भी झटका……
इमरान खान के अस्पताल भेजे जाने के मामले में कानूनी मोर्चे पर भी अहम घटनाक्रम सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार कार्यालय ने सरकार की उस समीक्षा याचिका को आपत्तियों के साथ वापस कर दिया है, जिसमें इमरान खान को अस्पताल भेजे जाने के फैसले को चुनौती दी गई थी. अब सरकार के सामने रजिस्ट्रार कार्यालय की आपत्तियों को दूर कर याचिका दोबारा दाखिल करने का विकल्प है। इस घटनाक्रम के बाद इमरान खान के मामले को लेकर पाकिस्तान में राजनीतिक और कानूनी हलचल और तेज हो गई है।
विदेश भेजे जाने के संकेत….
इसी बीच संघीय मंत्री तारिक फजल चौधरी ने संकेत दिया है कि इमरान खान को विदेश भेजे जाने की संभावना पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक फैसला या स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है. इमरान खान की जेल से अस्पताल तक आवाजाही के दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। मेडिकल जांच के बाद उन्हें फिर से अदियाला जेल भेजे जाने से फिलहाल उनके इलाज और जेल में आगे की व्यवस्था को लेकर अटकलों का दौर जारी है।



























































