जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत मनिफिट आदर्श नगर (लकड़ी तालाब के पास) में एक परिवार पर पूरे मोहल्ले को परेशान करने का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अमरेश पांडे की पत्नी आए दिन सड़क पर कुर्सियां लगाकर रास्ता बाधित कर देती हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


मोहल्लेवासियों के अनुसार, कई बार ऐसा देखा गया है कि घर के सामने सड़क पर चार-पांच कुर्सियां लगाकर छोड़ दी जाती हैं, जबकि वहां कोई बैठा भी नहीं होता। लोग जब वाहन लेकर निकलते हैं और हॉर्न बजाते हैं, तब भी रास्ता खाली नहीं किया जाता। मजबूरी में जब लोग खुद कुर्सियां हटाते हैं, तो विवाद की स्थिति बन जाती है।
मामला तब और गंभीर हो गया जब शुक्रवार को सड़क पर जानबूझकर ईंट-पत्थर गिराकर रास्ता पूरी तरह जाम कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली जाम होने की समस्या को लेकर इस तरह सड़क को बाधित करना पूरी तरह गलत है। उनका कहना है कि जिस तरह बाकी लोग मिलकर नाली साफ करवाते हैं, उसी तरह इस परिवार को भी प्रशासन से संपर्क करना चाहिए था, न कि पूरे रास्ते को बंद करना।
स्थिति बिगड़ने पर स्थानीय लोगों ने सीसीआर के जरिए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद टेल्को थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने संबंधित महिला को समझाते हुए एक घंटे के भीतर रास्ता खाली करने का निर्देश दिया। हालांकि, मोहल्ले वालों का आरोप है कि पुलिस के समझाने के बावजूद अब तक सड़क से ईंट-पत्थर नहीं हटाए गए हैं।
इस घटना से बस्ती के लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि सड़क जाम होने से आपात स्थिति में अस्पताल या अन्य जरूरी जगहों पर जाना मुश्किल हो रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे लिखित शिकायत देकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी दोबारा न हो और आम जनता को राहत मिल सके।
