कपाली के युवक से 97 हजार रुपये में हथियार खरीदने का दावा, एक नाबालिग भी शामिल, बाइक और मोबाइल जब्त
जमशेदपुर। शहर में किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की आशंका के बीच बर्मामाइंस थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को पकड़ा है। इनमें दो युवक और एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक शामिल है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, मोबाइल फोन और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कंटेनर यार्ड स्थित पास्ता साइडिंग के आसपास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक अवैध हथियार और गोलियों के साथ घूम रहे हैं। आशंका जताई गई थी कि वे किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (नगर) संजीव कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने पास्ता साइडिंग के पास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया।
### तलाशी में हथियार और कारतूस बरामद……..
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान मो. अयान आलम (18), निवासी मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी, बर्मामाइंस, की कमर से एक देसी पिस्टल बरामद हुई। वहीं, मो. सादिक आलम (19), निवासी मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी, के पास से पिस्टल की एक अतिरिक्त मैगजीन और दो जिंदा कारतूस मिले। तीसरे, एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक के पास से भी एक देसी पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद किया गया।
### 97 हजार रुपये में हथियार खरीदने का दावा…..
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने कथित तौर पर बताया कि दोनों देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन और दो कारतूस उन्होंने कपाली निवासी मो. आबिद से 97 हजार रुपये में खरीदे थे। पुलिस अब हथियारों के कथित आपूर्तिकर्ता और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. इस मामले में बर्मामाइंस थाना कांड संख्या 61/2026, दिनांक 20 अक्टूबर 2026, के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1B)(a), 26 और 35 में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
### छापेमारी टीम में ये रहे शामिल…..
छापेमारी टीम में नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार, बर्मामाइंस थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद, पुलिस अवर निरीक्षक अजय कुमार यादव, अभय कुमार, योगेंद्र प्रसाद सिंह तथा बर्मामाइंस थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
जब्त सामान : दो देसी पिस्टल, 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, एक मोबाइल फोन और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर JH05DN 7984)।

