जमशेदपुर : शहर के बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। मामले के मुख्य नामजद आरोपियों में शामिल राहुल दुबे ने शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे बिष्टुपुर थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल दुबे ने थाना परिसर में हाथ ऊपर उठाकर फिल्मी अंदाज में सरेंडर किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया।

बताया जाता है कि राहुल दुबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। लंबे समय से फरार चल रहे राहुल ने आखिरकार स्वयं थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेने के बाद गहन पूछताछ शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान पुलिस हत्या की साजिश, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका, घटना के पीछे की पृष्ठभूमि तथा पूरे घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। माना जा रहा है कि राहुल दुबे से मिली जानकारी जांच को नई दिशा दे सकती है।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ पूरी होने और जांच में हुई प्रगति के बाद पुलिस विस्तृत जानकारी साझा करेगी. उल्लेखनीय है कि चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस अब तक बार संचालक नीरज सिंह समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। ऐसे में मुख्य नामजद आरोपी राहुल दुबे के आत्मसमर्पण को जांच की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। पुलिस अब उससे मिली जानकारी के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

