जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी जुगसलाई मंडल की ओर से सोमवार को मंडल अध्यक्ष हन्नु जैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जुगसलाई थाना प्रभारी से मुलाकात कर क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों, नशाखोरी एवं विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में मंडल प्रभारी दीपक झा, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि (जुगसलाई नगर परिषद) विशेष रूप से उपस्थित रहे।



प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी को अवगत कराया कि जुगसलाई एक प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्र है, जहां लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण व्यापारी वर्ग एवं आम लोगों में भय का माहौल व्याप्त है। भाजपा नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के कई इलाकों में खुलेआम नशाखोरी, जुआ एवं देर रात तक अड्डेबाजी चल रही है, जिससे अपराध को बढ़ावा मिल रहा है. ज्ञापन में प्रदीप मिश्रा चौक से स्टेशन तक देर रात संचालित देह व्यापार, रेलवे ओवरब्रिज के दोनों ओर अवैध दुकानों के कारण लगने वाले जाम, ग्वाला पाड़ा रोड पर मवेशियों से हो रही परेशानी तथा डी’कोस्टा रोड के नीचे गौ तस्करी, जुआ एवं नशाखोरी जैसी गतिविधियों पर भी चिंता जताई गई।
थाना प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जुगसलाई क्षेत्र को अपराध एवं नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्राउन हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वालों एवं गौ तस्करों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे. मौके पर चंद्रशेखर दास, सुनील साहू, रितेश जैन, गणेश रविदास, पिंटू सैनी, विनय गुलाटी, नवीन गुप्ता, विजय हेम्ब्रम, पवन सिंह, आयुष राज, सूरज वर्मा, विनय शर्मा, अनिल चौहान, इंद्रजीत तिवारी, सिद्धार्थ मोहन, जितेंद्र सिंह, परमजीत सिंह, अभिनव गोस्वामी, गोलू सोनकर समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।



