जमशेदपुर : उलीडीह बस्ती में बड़ी वारदात की योजना बनाने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर तड़ीपार अपराधी सोनू शंख उर्फ चड़डे (30) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे उलीडीह बस्ती स्थित बड़ा लाइट के पास कुछ अपराधियों के जुटने की सूचना मिली थी।

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल ने कार्रवाई की। गिरफ्तार सोनू शंख को उपायुक्त के आदेश पर 29 अक्टूबर 2026 तक पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रवेश करने से प्रतिबंधित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। ओलीडीह ओपी में सीसीए की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
