जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाउन हॉल के समीप शनिवार रात करीब 9 बजे एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। दोनों पक्षों के अलग-अलग बयान सामने आने के कारण पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम को संदेह की नजर से देखते हुए हर पहलू की गहन जांच कर रही है।

घटना में बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायल अभिषेक गिरी का आरोप है कि वह शनिवार रात मानगो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान टाउन हॉल के पास पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और चापड़ से हमला कर दिया। उनका कहना है कि हमले के दौरान उनकी जेब में रखे ₹10 हजार नकद भी निकाल लिए गए। उन्होंने अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और देप्पू पर हमला करने का आरोप लगाया है।
थाना प्रभारी का बयान बना रहा कई सवाल…….
इधर, सिदगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में अजय रविदास नामक एक अन्य युवक को भी नाक और हाथ में चोट लगी है। पुलिस के अनुसार, दोनों घायलों के बयान एक-दूसरे से मेल नहीं खा रहे हैं, जिससे पूरे मामले पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. थाना प्रभारी ने कहा कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस घटनास्थल, उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों की बारीकी से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह वास्तव में जानलेवा हमला था या फिर मामला कुछ और है. पुलिस का कहना है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

