जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित पीएम मॉल में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने मॉल के मैनेजर प्रशांत सिंह पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना, छेड़खानी, मारपीट, अवैध संबंध बनाने का दबाव डालने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

शिकायत में महिला ने बताया है कि वह पिछले तीन वर्षों से पीएम मॉल स्थित डाबर न्यू शॉप में कार्यरत है। आरोप है कि मॉल का मैनेजर लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था तथा उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट और लगातार धमकी देना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे झूठे मामले में फंसाकर नौकरी से निकलवाने और जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने पुलिस को बताया कि वह आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से है और उसकी 10 वर्षीय बेटी है। परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन उसकी नौकरी है। ऐसे में वह भय और मानसिक तनाव के बीच काम करने को मजबूर है।
महिला कर्मचारी ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. फिलहाल बिष्टुपुर थाना पुलिस लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

