जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर जानलेवा फायरिंग का मामला प्रकाश में आया है. पीड़ित अमन सिंह ने गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए वीर सिंह उर्फ पंडित पर जान मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया है. पीड़ित अमन सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आरोपी वीर सिंह उर्फ पंडित उनके भाई विक्की सिंह को नशा एवं अन्य बुरी आदतों से दूर रहने की सलाह देने की बात को लेकर उनसे नाराज रहता था। इसी विवाद को लेकर आरोपी पूर्व में भी कई बार धमकी दे चुका था।



आवेदन के अनुसार, घटना शाम करीब 8:15 बजे की है। अमन सिंह अपने घर के बाहर बैठे हुए थे, तभी आरोपी स्कूटी से वहां पहुंचा और हाथ में लिए पिस्टल से फायरिंग कर दी। हालांकि गोली अमन सिंह को नहीं लगी और उनकी मां भी बाल-बाल बच गईं। अचानक हुई फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी लगातार धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. अमन सिंह ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



