जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती में पांच हजार रुपये की रंगदारी नहीं देने पर एक जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय पर चापड़ से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में प्रियांशु गुप्ता के कान और सिर में चोट लगी है। प्रियांशु ने अपने पड़ोस में रहने वाले रवींद्र कुमार पर रंगदारी मांगने और हमला करने का आरोप लगाया है. प्रियांशु के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे रवींद्र उसके पास पहुंचा और पांच हजार रुपये रंगदारी की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर वह गुस्से में आ गया और चापड़ से प्रियांशु पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में प्रियांशु के कान और सिर पर चोट लगी।

थाना पहुंचा तो पुलिस ने भेजा एमजीएम…….
हमले के बाद प्रियांशु किसी तरह टेल्को थाना पहुंचा। पुलिस ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। आरोप है कि इसके बाद डिमना रोड के पास रवींद्र ने एक बार फिर प्रियांशु को रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपी ने उसका मोबाइल भी छीन लिया. इसके बाद प्रियांशु ने एमजीएम अस्पताल में इलाज कराया और फिर टेल्को थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
फायरिंग के मामले में जा चुका है जेल……
पुलिस के अनुसार, आरोपी रवींद्र कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में फायरिंग के एक मामले में जेल जा चुका है। बताया गया है कि वह करीब तीन दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के कुछ ही दिनों बाद उस पर रंगदारी मांगने और चापड़ से हमला करने का आरोप लगा है।
घर पर छापेमारी, नहीं मिला आरोपी……
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी रवींद्र के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
