जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह इलाके में चल रहे अवैध लॉटरी जुआ कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लॉटरी जुआ में प्रयुक्त बोर्ड, मोहर, कॉपी, स्टाम्प पैड और 10,230 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धातकीडीह क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर अवैध लॉटरी जुआ का संचालन किया जा रहा है। इस अवैध गतिविधि से आम लोग ठगी का शिकार हो रहे थे तथा क्षेत्र की शांति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने धातकीडीह के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान धातकीडीह हरिजन बस्ती से तीन लोगों को अवैध जुआ खेलते एवं खिलाते हुए गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने राजश्री लॉटरी जुआ के संचालन की बात स्वीकार की।



गिरफ्तार आरोपियों में धातकीडीह बी ब्लॉक निवासी मो. कमरूदीन (47), धातकीडीह मार्केट एरिया निवासी मो. तनवीर कुरैशी (34) तथा कदमा शास्त्रीनगर निवासी मो. तनवीर जाफर (37) शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 3.6×2.6 फीट का एक लॉटरी बोर्ड, 0 से 9 तक के 10 मोहर, एक स्टाम्प पैड, नंबर लिखी दो कॉपियां तथा 10,230 रुपये नकद बरामद किए हैं. इस मामले में बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 58/2026 के तहत बीएनएस की धारा 292/318(4)/3(5) एवं बंगाल गैंबलिंग एक्ट 1867 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है. छापेमारी दल में थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे, पिंकु कुमार, रामजीत सिंह, सुशील कुमार मिश्रा, योगेश सिंह एवं विकास कुमार शामिल थे।



