जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर 27 जून की देर रात हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर करणी सेना का आक्रोश खुलकर सामने आया। सोमवार को करणी सेना के प्रतिनिधिमंडल ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की और अब तक की पुलिस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही फरार आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।

करणी सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद कई आरोपियों की पहचान हो चुकी है। इसके बावजूद शेष आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी कई सवाल खड़े कर रही है। संगठन ने पुलिस से पूछा कि जब घटना के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, तब चापड़ जैसे घातक हथियार से इतना बड़ा जानलेवा हमला कैसे हो गया।
करणी सेना ने यह भी सवाल उठाया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच अब तक क्यों नहीं हुई और उनके खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई या निलंबन क्यों नहीं किया गया। संगठन ने कहा कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह अभी भी जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं। ऐसे में सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई बेहद आवश्यक है।
वहीं, बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने करणी सेना के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की जांच लगातार जारी है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस दौरान करणी सेना के जिलाध्यक्ष मोहित सिंह, प्रदेश सचिव कमलेश सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

