जमशेदपुर : टाटानगर रेल यार्ड में मंगलवार रात तेंदुआ दिखने से रेलवे परिसर और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। रेलवे ट्रैक के समीप रात करीब 9:30 बजे एक रेलकर्मी और आरपीएफ जवानों ने तेंदुआ को घूमते हुए देखा। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन और वन विभाग की टीम सक्रिय हो गयी है. बताया जाता है कि एक रेलकर्मी ने इंजन से ही तेंदुआ को ट्रैक के आसपास घूमते देखा। इसके बाद उसने मोबाइल से उसका वीडियो भी बनाया। कुछ देर तक तेंदुआ रेल यार्ड के आसपास घूमता रहा और फिर लंबे घास वाले क्षेत्र की ओर चला गया।



घटना की सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों और डीएफओ सबा आलम अंसारी को दी गयी। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम देर रात टाटानगर रेल यार्ड पहुंची और इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया. डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि तेंदुआ दिखने की सूचना के बाद आसपास के क्षेत्रों में माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की गयी है। साथ ही संभावित लोकेशन का पता लगाने के लिए कई स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाये गये हैं। वन विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि तेंदुआ किस दिशा में गया है और फिलहाल किस इलाके में मौजूद हो सकता है।
रेलवे के एरिया मैनेजर ने आशंका जतायी कि तेंदुआ संभवतः किसी मालगाड़ी के साथ यहां तक पहुंच गया हो। हालांकि, वह रेल यार्ड तक कैसे पहुंचा, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है. घटना के बाद रेल यार्ड में काम करने वाले कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गये हैं। वहीं आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है। वन विभाग और रेलवे प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं।



