जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में देर रात अपराधियों ने एक लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान आदित्यपुर (सरायकेला) निवासी ज्ञानेन्द्र कुमार गौतम के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब वह टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के लिए लॉबी की ओर जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधी मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली उनके सीने में लगी, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी जख्म पाए गए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।



घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद अपराधी बाइक से बागबेड़ा की ओर फरार हो गए। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।



