जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के सामने हुए चर्चित हत्याकांड के बाद जिला पुलिस प्रशासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए बिष्टुपुर थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। घटना को लेकर उनकी जवाबदेही तय करते हुए यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है. जारी आदेश के अनुसार, पुलिस निरीक्षक निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाना का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से थाना का प्रभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।

गौरतलब है कि डीडी बार के बाहर हुई हत्या की घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। मामले को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और आम नागरिकों ने दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की थी. जिला पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को गंभीर आपराधिक मामलों में जवाबदेही तय करने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही, नए थाना प्रभारी के सामने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों का भरोसा कायम रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

