जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की तबीयत सोमवार देर रात अचानक बिगड़ जाने के बाद उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज अस्पताल के आईसीयू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। विधायक के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात अचानक उनका ब्लड प्रेशर काफी कम हो गया, जिसके बाद परिजनों और चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें तत्काल टीएमएच ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों की टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया और बेहतर चिकित्सकीय निगरानी के लिए उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक विधायक पूर्णिमा साहू की स्थिति फिलहाल स्थिर है और पहले से सुधार देखा जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है तथा उन्हें आवश्यक सभी चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विधायक के अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही उनके समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने फोन और संदेश के माध्यम से उनका हालचाल जाना। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
परिजनों ने आम लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा है कि विधायक का इलाज चिकित्सकों की देखरेख में जारी है और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने सभी शुभचिंतकों से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने का आग्रह किया है।

