जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियारों के साथ अपराध की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। इनके पास से दो देसी पिस्टल, 19 जिंदा कारतूस और पोको कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद हुआ है। सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कदमा शास्त्रीनगर निवासी शक्ति विभर (25), सोनारी मरारपाड़ा निवासी धीरज पटेल उर्फ बीरी (25) और चेतन ठाकुर (21) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना पर फार्म एरिया रोड नंबर-14 के पास छापेमारी कर चारों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने आदित्यपुर निवासी विक्की नंदी के साथ पुरानी रंजिश के कारण उसकी हत्या की योजना बनाने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कदमा और आसपास के क्षेत्रों में हथियारों का भय दिखाकर लेवी वसूलने में भी शामिल रहे हैं। इनके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, रंगदारी और मारपीट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
