जमशेदपुर : साकची थाना पुलिस ने बाइक चोरी के एक बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ साकची थाना कांड संख्या 40/2026, दिनांक 20 मई 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था. जानकारी के अनुसार 20 मई को करीम सिटी कॉलेज के समीप से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए साकची थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी शमशाद आलम की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।



पूछताछ में शमशाद आलम ने अपने सहयोगी अर्जुन मुंडरी का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी साकची समेत शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उनके नंबर प्लेट बदल देते थे तथा इंजन और चेसिस नंबर मिटाकर वाहनों को बेचने का काम करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में आजादनगर निवासी 23 वर्षीय शमशाद आलम और मांगो के समता नगर निवासी अर्जुन मुंडरी शामिल हैं. बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो होंडा स्प्लेंडर, सुपर स्प्लेंडर और पैशन प्रो जैसी बाइक शामिल हैं. इस कार्रवाई में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने अहम भूमिका निभाई।



