जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सापोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिरसानगर निवासी सोनु कर्मकार (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहना गया सफेद रंग का शर्ट भी बरामद किया है।



जानकारी के अनुसार, 9 मई की सुबह करीब 6.15 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि सापोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में एक अज्ञात युवती का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान होने के बाद उसके पिता के लिखित आवेदन पर परसुडीह थाना में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी सोनु कर्मकार तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह मृतका के साथ सापोडेरा मिडिल स्कूल पहुंचा था। इसी दौरान युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर उसने युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।



